फिट राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़े 15 हजार 500 धावक, मुख्यमंत्री ने किया पिंकसिटी मैराथन का फ्लैगऑफ

WhatsApp Channel Join Now
फिट राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़े 15 हजार 500 धावक, मुख्यमंत्री ने किया पिंकसिटी मैराथन का फ्लैगऑफ


फिट राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़े 15 हजार 500 धावक, मुख्यमंत्री ने किया पिंकसिटी मैराथन का फ्लैगऑफ


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। जयपुर में रविवार सुबह 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन में खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। अल्बर्ट हॉल से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैराथन को फ्लैगऑफ किया। इसमें देश-विदेश के 15 हजार 500 धावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फिट इंडिया अभियान देश के युवाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक एवं प्रेरित कर रहा है। स्वस्थ जीवनशैली व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सशक्त और ऊर्जावान समाज के निर्माण का आधार है।

मुख्यमंत्री ने धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजस्थान के युवाओं का स्वास्थ्य के प्रति समर्पण और जुनून प्रदेश की पहचान है। स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा का संचार करते हैं। नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर फिट राजस्थान के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने मैराथन को जीरो हंगर की पहल से जोड़ने की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार भी अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से मात्र आठ रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवा रही है। खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने वाली पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनती है।

फिनोवा कैपिटल के सहयोग से एनीबॉडी कैन रन (एबीसीआर) की ओर से आयोजित इस मैराथन में तीन श्रेणियां रखी गई थीं। इनमें 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की कूल रन और पांच किलोमीटर की ड्रीम रन शामिल थीं। सुबह से ही अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा तिरंगा लेकर दौड़ते नजर आए तो कई परिवारों ने भी एक साथ भाग लेकर एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया। पहली बार मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों से लेकर अनुभवी धावकों तक ने अपनी क्षमता के अनुसार दौड़ में हिस्सा लिया।

इस वर्ष दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पद्म भूषण सम्मानित भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में आयोजन से जुड़ीं। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। सिंधु की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष पहचान दी। उन्होंने धावकों के बीच पहुंचकर खेल, फिटनेस और अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

मैराथन का प्रमुख आकर्षण #RunForZeroHunger अभियान रहा। इसके तहत वेदांता की ओर से संकल्प लिया गया कि प्रतिभागियों द्वारा तय किए जाने वाले प्रत्येक किलोमीटर के बदले किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए एक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार धावकों का हर कदम भूख के खिलाफ मुहिम में योगदान देगा। वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के विजन से प्रेरित इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए।

इस अवसर पर जयपुर महापौर सुनील कोठारी, लेफ्टिनेंट जनरल पद्म सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में धावक और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story