दक्षिणी राजस्थान में उद्योग और पर्यटन को मिलेगा नया बल — उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी

WhatsApp Channel Join Now
दक्षिणी राजस्थान में उद्योग और पर्यटन को मिलेगा नया बल — उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी


उदयपुर, 05 मई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि दक्षिणी राजस्थान प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों से परिपूर्ण क्षेत्र है, जिसे वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वे मंगलवार को दक्षिणी राजस्थान में उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआई) द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण सत्र को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय विकास, निवेश और रोजगार सृजन को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दोहराया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यटन को जन-आधारित अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

उन्होंने उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने, निवेशकों को आकर्षित करने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। बैठक में उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।

इस दौरान नाथद्वारा विधायक पूर्व महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलचंद मीणा, यूसीसीआई अध्यक्ष मनीष गलुंडिया, बी.एच. बापना, आशीष छाबड़ा, भाजपा उदयपुर शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह, उदयपुर देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा, डूंगरपुर विधानसभा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा सहित कई गणमान्य नागरिक एवं यूसीसीआई के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story