जवाहर कला केंद्र में भारत की विश्व विरासत–राजस्थान प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार को
जयपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को जवाहर कला केंद्र में आयोजित भारत की विश्व विरासत–राजस्थान प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहेंगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, ऐतिहासिक धरोहर और विश्व विरासत स्थलों को आमजन के सामने प्रस्तुत करना है।
प्रदर्शनी में राजस्थान के उन स्थलों और विरासतों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है जिन्हें यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त है। इनमें राज्य के प्रसिद्ध पहाड़ी किले, खगोलीय वेधशाला जंतर-मंतर तथा ऐतिहासिक शहर जयपुर प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से इन धरोहरों के इतिहास, वास्तुकला और सांस्कृतिक महत्व को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके साथ ही राजस्थान के इतिहास और लोक परंपरा से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। इनमें रानी पद्मिनी, मीरा बाई, महाराणा प्रताप और राणा कुंभा जैसी महान विभूतियों के जीवन और योगदान को चित्रों व विवरण के माध्यम से दर्शाया जाएगा।
यह प्रदर्शनी प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को समझने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसमें दर्शकों को राजस्थान की स्थापत्य कला, इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी अनेक रोचक जानकारियां देखने को मिलेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

