19 से 21 फरवरी 2027 तक जयपुर में होगा इंडिया पिंकफेस्ट

WhatsApp Channel Join Now
19 से 21 फरवरी 2027 तक जयपुर में होगा इंडिया पिंकफेस्ट


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय कला और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव 'इंडिया पिंकफेस्ट-2027' का छठा संस्करण 19 से 21 फरवरी 2027 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित होगा। महोत्सव जयपुर की 300वीं वर्षगांठ को समर्पित रहेगा और इसमें देश-विदेश के कलाकार, साहित्यकार, संगीतज्ञ, रंगकर्मी और संस्कृति प्रेमी भाग लेंगे।

इंडिया पिंकफेस्ट के संयोजक एवं राजस्थान ललित कला अकादमी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भवानी शंकर शर्मा ने बताया कि इस बार आयोजन भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और राग परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन पर केंद्रित होगा। युवा कलाकारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रघु सिन्हा–माला माथुर ट्रस्ट के सहयोग से 'नटराज क्लासिकल अवॉर्ड्स-2027' की शुरुआत की गई है। विजेताओं को सम्मान के साथ प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

महोत्सव में शास्त्रीय एवं लोक संगीत-नृत्य प्रस्तुतियों, नाट्य मंचन, साहित्यिक गोष्ठियों, सांस्कृतिक संवाद और विचार-मंथन का आयोजन होगा। साथ ही जयपुर की 300 वर्षों की समृद्ध विरासत, स्थापत्य कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक वैभव को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

इस अवसर पर 'इंडिया पिंकफेस्ट–नटराज क्लासिकल अवॉर्ड्स-2027' के आधिकारिक पोस्टर का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में इंडिया पिंकफेस्ट के संस्थापक एवं निदेशक सत्यजीत तालुकदार, रघु सिन्हा–माला माथुर ट्रस्ट के ट्रस्टी सुधीर माथुर तथा प्रो. भवानी शंकर शर्मा उपस्थित रहे।

सत्यजीत तालुकदार ने कहा कि इंडिया पिंकफेस्ट केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक एवं शास्त्रीय कलाओं और 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को विश्व तक पहुंचाने का सशक्त मंच है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story