इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो :15 हजार विजिटर्स के साथ बनाया कीर्तिमान

WhatsApp Channel Join Now
इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो :15 हजार विजिटर्स के साथ बनाया कीर्तिमान


जयपुर, 07 जून (हि.स.)। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो-2026 का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और पूर्व महापौर अशोक परनामी शामिल हुए।

विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि एमएसएमई और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। खाद्य उद्योग में हो रहे नवाचार और तकनीकी बदलाव युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उद्यमियों को नए बाजार, तकनीक और निवेश के अवसर उपलब्ध कराते हैं।

इस दौरान खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग तकनीक, कृषि-आधारित स्टार्टअप्स और नवाचार आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में खाद्य उद्योग और व्यापार क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टॉल धारकों को सम्मानित भी किया गया।

पूर्व महापौर अशोक परनामी ने कहा कि भारत का खाद्य उद्योग नवाचार और गुणवत्ता के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। वहीं राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ के चेयरमैन अरुण अग्रवाल ने कहा कि एक्सपो का उद्देश्य खाद्य उद्योग, कृषि व्यवसाय, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है। वरिष्ठ उद्यमी आरएस जैमिनी ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को किसानों और उद्यमियों के लिए संभावनाओं से भरपूर बताते हुए युवाओं से इस क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story