उत्तर पश्चिम रेलवे : जोधपुर मंडल में एक वर्ष में 8 प्रतिशत यात्री बढ़े, आय में भी उछाल

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर पश्चिम रेलवे : जोधपुर मंडल में एक वर्ष में 8 प्रतिशत यात्री बढ़े, आय में भी उछाल


जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने पिछले एक वर्ष में यात्री परिवहन और राजस्व प्रदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। बेहतर संचालन, डिजिटल टिकटिंग और यात्री सुविधाओं के विस्तार का असर सीधे तौर पर आंकड़ों में दिखाई दिया है। मंडल में कुल यात्री संख्या 343.36 लाख से बढक़र 371.24 लाख तक पहुंच गई है, जो लगभग 8 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। यह बढ़ोतरी न केवल यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दिखाती है,बल्कि रेलवे सेवाओं की पहुंच और सुविधा में सुधार का भी संकेत है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि वित्तीय प्रदर्शन में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला है। मंडल की कुल सकल आय 2436.04 करोड़ रुपए से बढक़र 2667.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गई करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं यात्री आय 813.81 करोड़ रुपए से बढक़र 944.43 करोड़ रुपये दर्ज की गई,जो करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि है। उन्होंने बताया कि विविध आय स्रोतों में मिश्रित प्रदर्शन रहा,जिसमें पार्किंग और कुछ अन्य सेवाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई,जबकि खानपान क्षेत्र में मामूली गिरावट देखी गई। इसके बावजूद पार्सल और माल ढुलाई गतिविधियों ने कुल राजस्व को संतुलित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि बेहतर यात्री प्रबंधन, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम के विस्तार,ट्रेनों के कुशल संचालन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मंडल ने आने वाले समय में यात्री सुविधाओं के और विस्तार,सेवा गुणवत्ता सुधार और राजस्व वृद्धि को प्राथमिकता देने का लक्ष्य तय किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story