आरपीएस बैच-59 का उद्घाटन समारोह में डीजीपी होंगे मुख्य अतिथि

WhatsApp Channel Join Now
आरपीएस बैच-59 का उद्घाटन समारोह में डीजीपी होंगे मुख्य अतिथि


जयपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) जयपुर में राजस्थान पुलिस सेवा बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 के उद्घाटन समारोह का आयोजन 6 जुलाई को किया जाएगा। इस समारोह में पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में नव प्रशिक्षु अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

यह समारोह का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगा। इसके उपरांत आरपीए के निदेशक संजीव कुमार नार्जारी द्वारा मुख्य अतिथि का ग्रीन वेलकम किया जाएगा तथा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) अनिल पालीवाल प्रशिक्षण की भूमिका एवं राजस्थान पुलिस के भावी नेतृत्व को लेकर अपने विचार व्यक्त करेंगे।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में पुलिस महानिदेशक शर्मा नव प्रशिक्षु आरपीएस अधिकारियों को संबोधित करेंगे। अपने उद्बोधन में वे पुलिस सेवा के मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व, व्यावसायिक दक्षता एवं जनसेवा की भावना पर प्रकाश डालेंगे तथा प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त निदेशक शंकर दत्त शर्मा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात निदेशक आरपीए द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा। आरपीएस बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 का यह उद्घाटन समारोह राजस्थान पुलिस में नवचयनित अधिकारियों के प्रशिक्षण जीवन की औपचारिक शुरुआत का महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता एवं व्यवहारिक पुलिस कार्यप्रणाली का व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story