सांगानेर थाने में कॉन्फ्रेंस हॉल और रूफटॉप मैस का लोकार्पण
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सांगानेर थाना परिसर में नवविकसित कॉन्फ्रेंस हॉल और पुलिसकर्मियों के लिए तैयार रूफटॉप मैस का गुरुवार को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को बेहतर खानपान के साथ अनुसंधान एवं बैठक के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर 'विकसित भारत-2047' के विजन के तहत 10 वर्ष से अधिक सेवा अनुभव वाले पुलिस अधिकारी एक-एक थाने को गोद लेकर वहां आवश्यक सुविधाओं का विकास कर रहे हैं। इसी क्रम में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने सांगानेर थाने को गोद लिया है।
डिजिटल संवाद के लिए कॉन्फ्रेंस हॉल: नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल में अनुसंधान अधिकारी डिजिटल संवाद, उच्चाधिकारियों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग और मामलों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान से जुड़े कार्य कर सकेंगे। यहां सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों और सुरक्षा सखियों के साथ नियमित बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
जवानों के लिए रूफटॉप मैस: थाना परिसर की छत पर विकसित रूफटॉप मैस में पुलिसकर्मियों और थाना स्टाफ को स्वच्छ एवं बेहतर भोजन की सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण अवसर पर डीसीपी पूर्व रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन, सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर हरिशंकर शर्मा, सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम, मालपुरा गेट थानाधिकारी उदयभान यादव, रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान, प्रताप नगर थाने के द्वितीय अधिकारी गिर्राज प्रसाद सहित सांगानेर सर्किल का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

