खेमारू में 50 लाख की डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
खेमारू में 50 लाख की डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण


खेमारू में 50 लाख की डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण


डूंगरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र की खेमारू ग्राम पंचायत में विधायक विकास निधि से करीब 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। पुस्तकालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

लोकार्पण समारोह के दौरान ग्रामीणों ने विधायक गणेश घोगरा का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने पुस्तकालय भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं और संसाधनों का अवलोकन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि शिक्षा समाज में परिवर्तन और प्रगति का सबसे प्रभावी माध्यम है। डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से खेमारू सहित आसपास के कई गांवों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने युवाओं से पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे लगन और एकाग्रता के साथ अध्ययन कर उच्च प्रशासनिक एवं अन्य सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story