उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया रामजस हॉस्पिटल का उद्घाटन
जयपुर, 07 जून (हि.स.)। परकोटा और ब्रह्मपुरी क्षेत्र के निवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने गोविंद नगर वेस्ट स्थित रामजस हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। 100 बेड क्षमता वाला यह मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल करीब नौ लाख आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।
इस समारोह में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार हैं तथा इस अस्पताल से स्थानीय लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक आचार्य ने कहा कि अस्पताल का नया स्वरूप क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।
अस्पताल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. रतन विश्नोई ने बताया कि एनएबीएच गाइडलाइन के अनुरूप विकसित इस चार मंजिला अस्पताल में कैशलेस इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध है। यहां ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी, गायनी, बाल रोग, कार्डियोलॉजी, न्यूरो, यूरोलॉजी, ईएनटी, डेंटल, नेत्र एवं त्वचा रोग सहित 19 से अधिक चिकित्सा विभाग संचालित होंगे।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में 5 बेड का ट्राइएज, 22 बेड का आईसीयू-एचडीयू, 4 बेड का एनआईसीयू, तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर तथा आधुनिक लैप्रोस्कोपी, सी-आर्म और अल्ट्रासाउंड मशीनों सहित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं। मरीजों के लिए जनरल वार्ड, सेमी डीलक्स और डीलक्स कक्षों के साथ आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट भी उपलब्ध है।
उद्घाटन अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। डॉ. विश्नोई ने कहा कि अस्पताल नैतिक चिकित्सा पद्धति, किफायती उपचार और मरीजों की संतुष्टि के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

