टीडीएस के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
टीडीएस के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी


पचपदरा रिफाइनरी और पाश्र्वनाथ नाकोडा ट्रस्ट में टीडीएस जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

जोधपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। आयकर आयुक्त (टीडीएस) राजस्थान शैलेंद्र शर्मा के निर्देशानुसार और अपर आयकर आयुक्त निधि नायर के मार्गदर्शन में पचपदरा रिफाइनरी और पाश्र्वनाथ नाकोडा ट्रस्ट में टीडीएस जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रिफाइनरी और ट्रस्ट से संबंधित स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) के विभिन्न प्रावधानों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा नवीनतम प्रक्रियात्मक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। सर्वप्रथम पचपदरा में एचपीसीएल तथा राजस्थान सरकार की संयुक्त साझेदारी से निर्मित व संचालित रिफाइनरी एचआरआरएल परिसर में विभाग द्वारा सभी यूनिट और उनके मध्य होने वाले लेनदेन की प्रकृति को समझा गया। तदुपरांत संगोष्ठी कक्ष में रिफाइनरी से जुड़े लेनदेन से संबंधित टीडीएस के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आयकर निरीक्षक जाकिर हुसैन खान द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रासंगिक धाराओं, टीडीएस कटौती एवं जमा करने की प्रक्रिया, सामान्यत: होने वाली त्रुटियों तथा टीडीएस प्रावधानों के उल्लंघन पर लगने वाले ब्याज एवं दण्डात्मक परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान सहायक आयकर आयुक्त डॉ. बोधीराज एस. विश्वास और आयकर अधिकारी नरेंद्र सांखला द्वारा भी प्रतिभागियों को संबोधित किया गया। रिफाइनरी के मुख्य वित्तीय अधिकारी इंद्रजीत दास गुप्ता तथा महाप्रबंधक परियोजना वित्त टी. राजेश्वरी, परियोजना वित्त प्रबंधक धर्मराज मीणा तथा आयकर निरीक्षक अरुण जालानी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके पश्चात नाकोडा में पाश्र्वनाथ नाकोडा ट्रस्ट में भी टीडीएस जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें मंदिर ट्रस्ट के गणमान्य ट्रस्टी के साथ टीडीएस प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयकर अधिकारी दीपाराम धांडे द्वारा बताया गया कि सेमिनार के माध्यम से ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं आयकर विभाग के बीच प्रभावी संवाद स्थापित हुआ तथा प्रतिभागियों को टीडीएस प्रावधानों, अनुपालन प्रक्रिया एवं गैर-अनुपालन के परिणामों के संबंध में उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष लुणकरण बोथरा सुरेश तथा लेखाधिकारी सुरेन्द्र राज सिंघवी द्वारा आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story