30 लाख की अवैध शराब जब्त, गुप्त केबिन में छिपाकर गुजरात ले जा रहे तस्कर को पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
30 लाख की अवैध शराब जब्त, गुप्त केबिन में छिपाकर गुजरात ले जा रहे तस्कर को पकड़ा


उदयपुर, 13 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर पकड़ा है। उदयपुर-अहमदाबाद हाइवे स्थित खाण्डी ओबरी टोल नाके पर की गई इस कार्रवाई में गुजरात निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी अवैध शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर के रास्ते गुजरात की ओर शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इस पर आबकारी आयुक्त नमित मेहता एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जिला आबकारी अधिकारी आदरम और उपआयुक्त प्रद्युमन सिंह के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह राठौड़ ने खाण्डी ओबरी टोल नाके पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक कंटेनर को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में कंटेनर खाली दिखाई दिया, लेकिन टीम ने गहन जांच की तो व्हील कैप की आड़ में बनाया गया एक गुप्त केबिन मिला। केबिन खोलने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के कार्टून भरे मिले। आबकारी विभाग ने कंटेनर से रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड की कुल 330 पेटियां बरामद कीं। इनमें 1680 बोतलें और 9120 पव्वे शामिल हैं। जब्त शराब पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़’ अंकित था, जिसे तस्करी कर गुजरात ले जाया जा रहा था। मौके से गिरफ्तार चालक मसरी पुत्र श्रवण कोड़ियातार निवासी पोरबंदर, गुजरात से पूछताछ में सामने आया कि वह शातिर तस्कर है। रिकॉर्ड जांच में पता चला कि उसे 29 मार्च 2026 को परसाद थाना पुलिस ने 820 कार्टून अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा तस्करी शुरू कर दी। कार्रवाई में डूंगरपुर आबकारी निरीक्षक राहुल शर्मा, खेरवाड़ा प्रहराधिकारी कैलाशचंद्र, मांगीलाल जमादार, सिपाही बंशीलाल और गार्ड शंकरलाल की विशेष भूमिका रही। आबकारी विभाग अब शराब की सप्लाई चेन और गुजरात में डिलीवरी नेटवर्क की जांच कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story