अवैध गैस कारोबार पर जिला प्रशासन का शिकंजा: 302 सिलेंडर और दो पिकअप जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध गैस कारोबार पर जिला प्रशासन का शिकंजा: 302 सिलेंडर और दो पिकअप जब्त


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी,अवैध भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 302 गैस सिलेंडर और दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। राज्य सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में की गई।

जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि कार्रवाई के लिए दो विशेष सतर्कता दलों का गठन किया गया था। सतर्कता दल ‘ए’ में प्रवर्तन अधिकारी मुनेश कुमार मीणा और पूजा शर्मा तथा सतर्कता दल ‘बी’ में प्रवर्तन अधिकारी विनोद कुमार और प्रवर्तन निरीक्षक सुनीता चौधरी को शामिल किया गया।

सतर्कता दल ‘ए’ ने सांगानेर क्षेत्र के गोवर्धन नगर और हनुमान सिटी में दबिश देकर अवैध गैस भंडारण और क्रय-विक्रय का खुलासा किया। यहां से 247 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा दो पिकअप वाहन जब्त किए गए। वहीं सतर्कता दल ‘बी’ ने 310 फीट रोड स्थित शिक्षा सागर कॉलोनी में कार्रवाई कर 55 गैस सिलेंडर जब्त किए।

दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 302 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा दो पिकअप वाहन (आरजे-14-जीआर-7835 और आरजे-14-जीएच-5920) जब्त किए गए। मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी में लिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए जयपुर शहर में ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story