पुलिस ने अवैध पटाखों की फैक्ट्री पर छापेमारी कर किए 1432 किलो पटाखे जब्त

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने अवैध पटाखों की फैक्ट्री पर छापेमारी कर किए 1432 किलो पटाखे जब्त


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर जयपुर पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और कमिश्नरेट स्पेशल टीम (सीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ‘मैजिक फायरवर्क्स’ पर छापा मारा। साथ ही विभिन्न ब्रांड के 1432 किलोग्राम तैयार पटाखे और करीब 190 किलोग्राम कच्चा माल जब्त किया गया। पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तीन गोदामों और कारखाने को सील कर दिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा के अनुसार क्षेत्र में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री बनाने और उसका भंडारण करने की सूचना मिली थी। इस पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और सीएसटी की टीम ने मैजिक फायरवर्क्स के ठिकानों पर दबिश दी। मौके से तैयार पटाखों के साथ विस्फोटक सामग्री बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए।

जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फैक्ट्री संचालक जहीर अहमद की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story