अपराधों के बदलते ट्रेंड का हो रहा अध्ययन, विस्तृत रिपोर्ट डीजीपी को भेजी जाएगी : अंशुमान भोमिया

WhatsApp Channel Join Now
अपराधों के बदलते ट्रेंड का हो रहा अध्ययन, विस्तृत रिपोर्ट डीजीपी को भेजी जाएगी : अंशुमान भोमिया


अजमेर, 27 मई (हि.स.)। अंशुमान भोमिया पुलिस महानिरीक्षक एसएसबी अंशुमान भोमिया ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपराधों के बदलते ट्रेंड का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। अधिकारियों से यह जानकारी ली जा रही है कि किन कारणों से अपराधों में बढ़ोतरी हुई, किन अपराधों में कमी आई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां रहीं। इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पुलिस महानिदेशक को सौंपी जाएगी।

दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के लिए अजमेर पहुंचे अंशुमान भोमिया ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलावार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और अपराधों के स्वरूप में आ रहे बदलावों का विश्लेषण कर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्व की कमी के कारणों तथा पुलिस संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी समीक्षा की जा रही है, ताकि आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव पुलिस मुख्यालय को भेजे जा सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

इससे पहले पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान भोमिया ने सीओ ग्रामीण कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान हर्षवर्धन अग्रवाला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अंशुमान भोमिया ने पुलिस लाइन परेड का निरीक्षण करने के साथ जिले के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा पुलिस कार्य प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा भावना मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लिया। इसके अलावा पुलिस लाइन में जब्त किए गए प्राचीन हथियारों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story