शिक्षकों को बताई औषधीय द्रव्यों की पहचान

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों को बताई औषधीय द्रव्यों की पहचान


जोधपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में स्नात्तकोत्तर द्रव्यगुण विभाग में राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में द्रव्यगुण विज्ञान के शिक्षकों हेतु आयोजित छह दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली के द्रव्यगुण विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुभाष साहू ने बाजार में उपलब्ध औषधीय नमूनों, उनमें होने वाली मिलावट तथा वैकल्पिक एवं प्रतिस्थापित औषधीय द्रव्यों की पहचान विषय पर व्याख्यान प्रदान किया। उन्होंने इसके पश्चात विवादास्पद औषधीय द्रव्यों के विषय पर भी विस्तृत विवेचन किया।

इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को औषधीय द्रव्यों की प्रामाणिकता, शुद्धता तथा सही चयन से संबंधित महत्वपूर्ण शैक्षणिक जानकारी प्राप्त हुई। तत्पश्चात अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान नई दिल्ली के द्रव्यगुण विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिवानी घिल्डियाल ने शास्त्रीय औषधियों की नामावली एवं पर्यायवाची शब्दों के आधार पर पहचान विषय पर व्याख्यान प्रदान किया।

इसके अतिरिक्त, डॉ. शिवानी घिल्डियाल ने वर्तमान चिकित्सा पद्धति में महत्वपूर्ण औषधीय पौधों की वनस्पतिक पहचान विषय पर भी व्याख्यान दिया। इस सत्र में औषधीय पौधों की सही वनस्पतिक पहचान तथा द्रव्यगुण विज्ञान के अध्ययन एवं शिक्षण में उसकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story