दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं बल्कि विद्यार्थियों के नव—जीवन का प्रारंभ: राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं बल्कि विद्यार्थियों के नव—जीवन का प्रारंभ: राज्यपाल


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं बल्कि विद्यार्थी जीवन का नया प्रवेश द्वार है। यह वह समय होता है जब विद्यार्थी अपनी अर्जित शिक्षा का उपयोग राष्ट्र और समाज की उन्नति में करने के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को हुनरमंद करने के साथ ही उनकी बौद्धिक क्षमता विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का आह्वान किया है।

राज्यपाल बागडे शनिवार को आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होने नई शिक्षा नीति के आलोक में विश्वविद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी शिक्षा का प्रसार किए जाने पर भी जोर दिया।

बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 'विकसित भारत 2047' की जो संकल्पना संजोई गई है, उसमें युवाओं की भूमिका ही महत्वपूर्ण है। इसलिए युवा अपने अर्जित तकनीकी ज्ञान का राष्ट्र के विकास में अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रभाव की चर्चा करते हुए कहा कि 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' का प्रभाव सभी क्षेत्रों में बढ़ रहा है। यह अच्छी बात है परन्तु विद्यार्थी इस पर निर्भर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता के साथ यदि नैतिक और मानवीय मूल्य जुड़े रहेंगे तभी हम सबका साथ, सबका विकास को सही मायने में सफलीभूत कर पाएंगे।

राज्यपाल ने ब्रिटिश काल में भारतीय शिक्षा की हुई अवन्नति, लॉर्ड मैकाले द्वारा थोपी गई अंग्रेजी शिक्षा पद्धति और भाषाई आधार पर देश को सदा के लिए गुलाम बनाने की मानसिकता को विकास की सबसे बड़ी बाधा बताया। उन्होने कहा कि इसीलिए विनोबाद भावे ने कहा था कि जिस दिन देश आजाद हुआ और हमारा झंडा बदला गया उसी दिन देश की शिक्षा पद्धति बदली जानी चाहिए थी। पर ऐसा हुआ नहीं परन्तु नई शिक्षा नीति में अब भारतीयों को भारतीय शिक्षा पद्धति और ज्ञान परम्परा का आलोक मिल रहा है। इसे सभी विश्वविद्यालयों को व्यावहारिक रूप में लागू करना चाहिए। राज्यपाल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story