आईएएस डाॅ. जितेंद्र कुमार सोनी को राजस्थानी भाषा का पुरस्कार मिलने पर किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
आईएएस डाॅ. जितेंद्र कुमार सोनी को राजस्थानी भाषा का पुरस्कार मिलने पर किया सम्मान


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री के सचिव, राजस्थानी व हिन्दी के साहित्यकार आईएएस डाॅ. जितेंद्र कुमार सोनी को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिलने पर जयपुर में 'हरख उछब' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यभर से इसमें सावित्यकारों ने मिलकर उनका सम्मान किया।

सम्मान समारोह में सुप्रसिद्ध कवि, आलोचक, रंग निदेशक और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष डा. अर्जुन देव चारण ने कहा कि यह राजस्थानी की समृद्ध भाषा, संस्कृति और परंपरा से जुड़े व्यक्तित्व का सम्मान है। जितेंद्र सोनी राजस्थानी भाषा के संवेदनशील रचनाकार ही नहीं है, इस भाषा की समृद्ध सृजन परम्परा के प्रतिनिधि हैं। वह राजस्थानी के सशक्त रचनाकार हैं। उन्होंने सोनी की पुरस्कृत पुस्तक भरखमा की कहानियों को भाषा और साहित्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परम्परा का उल्लेख करते हुए कहा कि रचनाकार काल की भी सवारी करने वाला होता है। इसलिए वह कालजई होता है। उसके पास स्मृति रूपी अमृत होता है, जिससे जो बीत गया है उसे वह जीवित करता जाता है।

सुप्रसिद्ध कथाकार, कवि रामस्वरूप किसान ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी यदि कवि, साहित्यकार होता है तो वह वास्तव में बड़ा मनुष्य होता है। जितेंद्र सोनी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बनने के बाद कवि धर्म को चुना, इसलिए वह वास्तव में धरती धन हैं। उन्होंने जितेंद्र सोनी को मातृभाषा का अप्रतिम रचनाकार बताया।

देश के प्रसिद्ध कथाकार, नाटककार और संपादक मधु आचार्य आशावादी ने जितेंद्र सोनी की कहानियों को उत्तर आधुनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताने के साथ कहा कि वह ऐसे रचनाकार है जो अतीत से जुड़े वर्तमान में रहने वाले और भविष्य पर सूक्ष्म नजर रखने वाले महत्वपूर्ण रचनाकार हैं।

प्रोफेशर जगदीश गिरी, कथेसर के संपादक, कथाकार डा. सत्यनारायण सोनी सहित अनेक माैजूद थे।

राजस्थानी तिमाही 'कथेसर', सोनी सांवता एंटरटनेमेट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार व राजस्थानी भाषा प्रेमी भी उपस्थित रहे।

बता दें कि डाॅ. जितेंद्र कुमार सोनी आईएएस वर्तमान में सीएम के सचिव व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजस्थान के शासन सचिव भी हैं। डाॅ. सोनी की राजस्थानी व हिन्दी में 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनकी कहानी पर 'भरखमा' नाम से राजस्थानी फिल्म भी निर्मित हो चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story