इंदिरा गांधी नगर जगतपुरा पर मुख्य 200 फीट रोड से हटाए कई साल पुराने स्ट्रक्चर
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हाउसिंग बोर्ड ने इंदिरा गांधी नगर 200 फीट रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। बोर्ड प्रशासन ने शुक्रवार को इन सभी स्ट्रक्चरों को जेसीबी से तोड़ा। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर डेढ़ बजे तक चली। इस दौरान रोड से करीब 20 स्ट्रक्चर तोड़े गए, जिसमें 5 दुकानें और कुछ खाली पड़े पुराने मकान थे। इससे पहले बोर्ड प्रशासन ने स्ट्रक्चर मालिकों को नोटिस जारी करके जगह खाली करने की चेतावनी दी थी।
हाउसिंग बोर्ड के उप आवासन आयुक्त राजेश व्यास ने बताया- सभी प्रभावितों को सेक्टर 5 में कॉमर्शियल और आवासीय जमीन का जल्द लॉटरी के जरिए आवंटन किया जाएगा। जगतपुरा स्थित सीबीआई फाटक से गोनेर रोड रेलवे ओवरब्रिज तक बने 200 फीट रोड पर सीबीआई फाटक से आगे अतिक्रमण था। इस कारण एक तरफ का रोड बंद हो गया था और ट्रैफिक को दूसरी लेन से होकर गुजरना पड़ता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

