इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी 16 साल की तीजो की तबीयत, मौत

WhatsApp Channel Join Now
इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी 16 साल की तीजो की तबीयत, मौत


इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी 16 साल की तीजो की तबीयत, मौत


बाड़मेर, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले में बायतु के सरकारी उपजिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची 16 वर्षीय किशोरी की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भी मृतका के परिजन और ग्रामीण अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे रहे। परिजन चिकित्सक और लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा आर्थिक मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद नियमानुसार कार्रवाई और आर्थिक सहायता के आश्वासन पर करीब 24 घंटे बाद सहमति बनी।

परिजनों के अनुसार बायतु चिमनजी निवासी तीजो अपने पिता कलाराम के साथ बुधवार को पेट पर हुई फुंसी में दर्द की शिकायत लेकर बायतु सरकारी अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सक ने जांच के बाद दवाइयां और इंजेक्शन लिखे। परिजन अस्पताल के दवा केंद्र से दवाइयां और इंजेक्शन लेकर आए। इसके बाद इंजेक्शन कक्ष में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सक की पर्ची के अनुसार तीजो को सेफ्ट्रियाक्सोन इंजेक्शन लगाया।

परिजनों के मुताबिक इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद तीजो की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। नर्सिंग स्टाफ ने इसकी सूचना चिकित्सक को दी।

चिकित्सक के मौके पर पहुंचने के बाद किशोरी को तत्काल उपचार दिया गया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और वह बेहोश हो गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट कर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की सूचना से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

मौत के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। गुरुवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों ने परिजनों से कई दौर में बातचीत की। परिजन मामले में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और आर्थिक मुआवजे की मांग कर रहे थे।

अस्पताल प्रभारी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि परिजनों से समझाइश की गई। बातचीत के बाद वे सहमत हो गए। उन्होंने कहा कि मानवता के आधार पर आर्थिक मदद की जाएगी और लापरवाही के मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

धरने की सूचना पर बायतु तहसीलदार शंभू सिंह राजपुरोहित, विकास अधिकारी नवलाराम चौधरी, थानाधिकारी खेताराम बटेर, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी महिपाल सिंह सोढ़ा, डॉ. शिवराम प्रजापत सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बायतु के निवर्तमान प्रधान सिमरथाराम, नवनिर्वाचित सरपंच प्रतिनिधि करणीपूरा, आरएलपी नेता जालाराम पालीवाल, हनुमान काकड़ तथा विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story