प्रतापगढ़ में कार-बाइक की भीषण टक्कर: युवक की मौत, दो युवतियां गंभीर घायल
प्रतापगढ़, 29 अप्रैल (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा बरखेड़ी बस स्टैंड के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, अरनोद निवासी श्यामलाल (21) अपनी बाइक पर भूमिका पुत्री सूरजमल और शिला पुत्री कैलाश के साथ दलोट से अरनोद लौट रहा था। तीनों एक बारात में शामिल होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान बरखेड़ी बस स्टैंड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार का आगे का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया और उसके टायर तक निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार लोगों की जान बच गई। हालांकि हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अरनोद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवतियों शिला और भूमिका को प्राथमिक उपचार के बाद प्रतापगढ़ रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

