13 दिसंबर को जयपुर में होगी ‘ऑनर रन’: वीर सैनिकों के सम्मान में दौड़ेंगे शहरवासी

WhatsApp Channel Join Now
13 दिसंबर को जयपुर में होगी ‘ऑनर रन’: वीर सैनिकों के सम्मान में दौड़ेंगे शहरवासी


जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत और विजय दिवस के उपलक्ष्य में 13 दिसंबर को जयपुर में ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को सम्मान देना और आम नागरिकों में भारतीय सेना के प्रति सम्मान, जुड़ाव और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करना है।

सप्त शक्ति कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत ने बताया कि यह आयोजन केवल पेशेवर धावकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे। सेना, सरकारी विभागों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों, बुजुर्गों और आम नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि दौड़ की शुरुआत अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से होगी और समापन जवाहर सर्किल की ओर होगा। इसमें 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की चार श्रेणियां रखी गई हैं। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष रन आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अनाथालय और दृष्टिबाधित विद्यालयों के बच्चों को भी आयोजन से जोड़ने तथा उनके लिए सहयोग और दान की पहल करने का प्रयास किया जाएगा।

लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत ने कहा कि ऑनर रन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सेना के जवानों के सम्मान और उनके बलिदान को याद करने का सामूहिक प्रयास है। इसमें पूर्व के युद्धों और भविष्य के सैन्य अभियानों में देश के लिए शहादत देने वाले जवानों को भी सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयपुर उनका अपना शहर है और अब समय आ गया है कि पूरा शहर इस आयोजन में उनके साथ दौड़े।

इस अवसर पर कॉमनवेल्थ खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाली राजस्थान की बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने फिटनेस को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शारीरिक फिटनेस को केवल सेना या खेलों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे आम नागरिकों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। वर्तमान समय में बढ़ती बीमारियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय रहना बेहद आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story