श्रद्धापूर्वक मनाई होमाष्टमी, कन्या पूजन किया

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धापूर्वक मनाई होमाष्टमी, कन्या पूजन किया


जोधपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र में उदयतिथि के अनुसार दुर्गाष्टमी आज श्रद्धा व भक्ति के माहौल में मनाई गई। आद्यशक्ति व नवदुर्गा मंदिरों में हवन-जागरण एवं दुर्गा सप्तशती पाठ आदि अनुष्ठान हुए। घरों में भी महागौरी पूजन-हवन के बाद कन्याओं का दैवीय स्वरूप में महापूजन किया गया।

इस बार तिथि टूटने के कारण आज अष्टमी व नवमी दोनों है। दोपहर बाद नवमी शुरू हो गई। मंगवार को उदयतिथि होने के कारण नवमी मनाई जाएगी। इससे पहले उदयतिथि के अनुसार दुर्गाष्टमी पर आज सूर्यनगरी के विविध नवदुर्गा मंदिरों में हवन-जागरण यज्ञ आदि धार्मिक अनुष्ठान किए गए। घरों में भी हवन के बाद कम उम्र की बालिकाओं का दैवीय रूप में पूजन किया गया। इसके साथ ही बेटियों की सुरक्षा व सम्मान का संकल्प लिया गया। इस मौके ज्वाला विहार श्री झूलेलाल मार्ग स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में कन्या पूजन व भोज में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनोखा संगम देखने को मिला।

आश्रम के संत जीतू राम ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मां जगदम्बा की महाआरती से की गई। आश्रम प्रांगण में श्रद्धाभाव से 251 से अधिक नन्हीं कन्याओं के चरण वंदन कर पखारे। उसके बाद कन्याओं के मस्तक पर रोली का तिलक व पुष्प वर्षा कर उनकी आरती पूजन किया गया। उसके उपरांत उनको प्रसाद स्वरूप श्रद्धा पूर्वक भोजन कराया गया। सेवादार ललित खटवानी ने बताया कि श्री प्रेम प्रकाश मंडली के सेवादारियों दारा कन्याओं को उपहार और दक्षिणा भेंट की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story