कांग यात्से-2 फतह करने वाले हितेन डामोर का डूंगरपुर में सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
कांग यात्से-2 फतह करने वाले हितेन डामोर का डूंगरपुर में सम्मान


डूंगरपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। वागड़ माउंटेनियर ग्रुप की ओर से कांग यात्से-2 शिखर फतह करने वाले डूंगरपुर के पर्वतारोही हितेन डामोर का सम्मान एवं स्वागत किया गया। ग्रुप के सदस्यों ने उनकी उपलब्धि को वागड़ और डूंगरपुर क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में सदस्यों ने हितेन डामोर के साहस, कठिन परिस्थितियों में दृढ़ता, समर्पण और पर्वतारोहण के प्रति जुनून की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊंची पर्वत चोटियों को फतह करना चुनौतीपूर्ण होता है और हितेन ने मेहनत एवं हौसले के साथ यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सम्मान समारोह में अनीता अग्रवाल, कपिल परमार, विवेक पंड्या और चिरायु भंडारी सहित हितेन डामोर के माता-पिता, पत्नी और पुत्र मौजूद रहे। परिवार की मौजूदगी में उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें भविष्य में भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

वागड़ माउंटेनियर ग्रुप ने हितेन डामोर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। ग्रुप के पर्वतारोही आगामी समय में भी नई पर्वत चोटियों पर अभियान चलाकर वागड़ और डूंगरपुर का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का प्रयास जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story