कोटा मंडल का ऐतिहासिक कीर्तिमान : एक ही दिन में 50 क्रैक मालगाड़ियों का रिकॉर्ड संचालन

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल का ऐतिहासिक कीर्तिमान : एक ही दिन में 50 क्रैक मालगाड़ियों का रिकॉर्ड संचालन


काेटा, 08 जून (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मालगाड़ी संचालन के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। मंडल ने एक ही दिन में 50 क्रैक मालगाड़ियों के सफल संचालन का अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड बनाया है। इससे पूर्व मंडल का सर्वोच्च रिकॉर्ड एक दिन में 45 क्रैक मालगाड़ियों के संचालन का था।

यात्रियों के दृष्टिकोण से इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि जब मालगाड़ियाँ तेज गति से और बिना मार्ग में ठहराव के अपने गंतव्य तक पहुँचती हैं, तो रेल पथ पर यात्री ट्रेनों के लिए अधिक खाली पाथ उपलब्ध होता है। इससे यात्री गाड़ियों के समय पालन में सुधार होता है, मार्ग में अनावश्यक ठहराव कम होते हैं और यात्री अपने गंतव्य तक तय समय पर पहुँचते हैं। बेहतर परिचालन से रेल यात्रा अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनती है, जिसका लाभ प्रतिदिन लाखों यात्रियों को मिलता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस दिन संचालित 50 क्रैक मालगाड़ियों की औसत गति 41.18 किमी प्रति घंटा रही, जो प्रभावी योजना, सतत निगरानी तथा परिचालन एवं टीआरओ विभागों के समन्वित प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने बताया कि क्रैक मालगाड़ियाँ वे विशेष मालगाड़ियाँ होती हैं, जिनके मार्ग की लॉबियों पर बीच रास्ते में क्रू (चालक दल) नहीं बदला जाता, जिससे ये गाड़ियाँ बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक तेज़ी से पहुँचती हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे कंट्रोल कक्ष में तैनात समस्त स्टाफ की दिन-रात की मेहनत और बेहतर तालमेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

आम जनता के दृष्टिकोण से यह उपलब्धि और भी अधिक महत्वपूर्ण है। तेज मालगाड़ी संचालन से बिजलीघरों तक कोयला, बाजारों तक खाद्यान्न, खेतों तक उर्वरक, निर्माण स्थलों तक सीमेंट तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं समय पर पहुँचती हैं। इससे आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होती है, बाजार में वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहती है और कीमतों पर नियंत्रण रखने में सहायता मिलती है। किसान, व्यापारी, उद्योग जगत और आम उपभोक्ता — सभी इसका प्रत्यक्ष लाभ उठाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story