हिंदी हमारी पहचान, एकता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम : मीणा

WhatsApp Channel Join Now
हिंदी हमारी पहचान, एकता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम : मीणा


हिंदी हमारी पहचान, एकता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम : मीणा


काेटा, 17 सितंबर (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा द्वारा गुरुवार को राजभाषा हिंदी पखवाड़े के दौरान सेंट्रल एकेडमी (अंग्रेजी माध्यम) सिनियर सेकेंड्री स्कूल, दादाबाड़ी, कोटा में संगोष्ठी एवं ‘आज के तकनीकी युग में हिंदी का महत्व’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान, भावनात्मक एकता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का युग है। इंटरनेट, मोबाइल, कंप्यूटर और सोशल मीडिया ने हमारे जीवन में व्यापक बदलाव किया है। तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बावजूद हिंदी का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि आधुनिक तकनीक ने हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए हैं।

सहायक निदेशक मीणा ने कहा कि हिंदी भारत की प्रमुख भाषाओं में से एक है और करोड़ों लोग इसे बोलते एवं समझते हैं। आज हिंदी का प्रयोग केवल बातचीत और साहित्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इंटरनेट, ब्लॉग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल समाचार और मनोरंजन के क्षेत्र में भी तेजी से बढ़ रहा है।

इस अवसर पर सेंट्रल एकेडमी के निदेशक प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी आज देश की सीमाओं से बाहर भी अपनी पहुंच बना रही है। हिंदी में तैयार वीडियो, लेख, गीत और अन्य डिजिटल सामग्री बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं भाषा तकनीक के विकास से हिंदी में अनुवाद, आवाज पहचान और डिजिटल लेखन जैसी सुविधाएं भी लगातार बेहतर हो रही हैं।

सेंट्रल एकेडमी के प्राचार्य रजनीश सक्सेना ने भी हिंदी के महत्व और तकनीकी युग में इसके बढ़ते उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस दौरान सभी को हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प दिलाया गया। निबंध प्रतियोगिता में अक्षिता गौतम ने प्रथम, नव्या सोनी ने द्वितीय तथा प्रकल्प दाधीच ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गौरांगना हाड़ा एवं पावनी रावल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story