उदयपुर जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा बरकरार, तीन एक्स्ट्रा वोट के साथ हिम्मत सिंह झाला बने नए जिला प्रमुख

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा बरकरार, तीन एक्स्ट्रा वोट के साथ हिम्मत सिंह झाला बने नए जिला प्रमुख


उदयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उदयपुर जिला परिषद में जिला प्रमुख की कुर्सी पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला ने कांग्रेस के लालसिंह झाला को 7 मतों से पराजित किया। चुनाव परिणामों में कांग्रेस खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग सबसे बड़ा चर्चा का विषय रही।

कुल 47 सदस्यीय उदयपुर जिला परिषद में मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा के हिम्मत सिंह झाला को 27 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस के लालसिंह झाला को मात्र 20 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।

सदन के दलीय समीकरण के लिहाज से भाजपा के पास 24, कांग्रेस के पास 22 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पास 1 सदस्य था। सुबह कांग्रेस प्रत्याशी ने बीएपी के एकमात्र सदस्य के समर्थन का दावा किया था। इस हिसाब से कांग्रेस खेमे के पास 23 वोट होने चाहिए थे, लेकिन मतगणना में लालसिंह झाला को 20 वोट ही मिले। दूसरी ओर, 24 सदस्यों वाली भाजपा को 27 मत हासिल हुए, जिससे कांग्रेस के सदस्यों द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने की पुष्टि हुई है।

इससे पूर्व सुबह नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा की ओर से हिम्मत सिंह झाला और कांग्रेस की ओर से लालसिंह झाला ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए थे। मतदान प्रक्रिया के लिए भाजपा अपने सभी जिला परिषद सदस्यों को एक साथ बस में लेकर जिला परिषद सभागार पहुंची, जिसमें प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला भी मौजूद थे। वहीं, कांग्रेस के सदस्य भी अपने प्रत्याशी लालसिंह झाला के साथ एकजुट होकर मतदान करने पहुंचे थे, लेकिन मतपेटी खुलने पर कांग्रेस की एकजुटता के दावों की हवा निकल गई।

परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल शुरू हो गया और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला प्रमुख हिम्मत सिंह झाला का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story