हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर फटा, करंट फैलने से महिला की मौत
कोटा, 05 जुलाई (हि.स.)। शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित बरड़ा बस्ती में रविवार दोपहर 33 केवी हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर अचानक धमाके के साथ टूट गया, जिससे आसपास के घरों, दीवारों और लोहे के सामान में करंट फैल गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत नौ लोग झुलस गए। करंट की चपेट में आने से दो गायों की भी मौत हो गई।
हादसा रविवार दोपहर क्रेशर रोड इलाके में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते घरों की दीवारों व लोहे के उपकरणों में करंट दौड़ने लगा। बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखते हुए घरों से बाहर भागने लगे। थाना अधिकारी रमेश कविया ने बताया कि बरड़ा बस्ती में दो मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। अचानक इंसुलेटर टूटने से दो घरों में करंट फैल गया। करंट लगने से सलमा (30) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई, इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
करंट से झुलसे अर्शील (9), अफाक (33), इशाक बेग (60), नशवीन (50), जोया (14), आलिया (12), सीमा (35), अयोध्या बाई (48) और भूरी बाई (25) को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी का उपचार जारी है।
इरशाद ने बताया कि आज उसकी छुट्टी थी। अचानक बाहर शोर सुनकर निकला तो देखा कि पत्नी, पोता और पोती करंट लगने से तड़प रहे थे। उन्हें बचाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा, मुझे भी जोरदार करंट लग गया।
सीमा कंवर ने बताया कि धमाके के बाद बाहर देखा तो पड़ोस की महिला करंट की चपेट में आकर खंभे से चिपकी हुई थी। हम उसे छुड़ाने दौड़े, लेकिन तभी दोबारा करंट दौड़ गया और वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
मृतका सलमा के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग कई बार लिखित रूप में की गई थी, लेकिन बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन की व्यवस्था सुधारी जाती, तो यह हादसा टल सकता था। सलमा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एक्सईएन आशीष जौहरी ने बताया कि बारिश के मौसम में कभी-कभी इंसुलेटर टूटने की घटनाएं हो जाती हैं। जिस टावर पर इंसुलेटर लगा था, उसके आसपास पथरीला क्षेत्र और घनी आबादी है। करंट फैलने से अर्थ फॉल्ट की स्थिति बनी थी। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई थी और करीब दो घंटे तक राहत कार्य चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

