पुष्कर घाटी में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर: तीन बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पुष्कर घाटी में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर: तीन बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत


अजमेर, 19 मई (हि.स.)। पुष्कर से अजमेर आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार सोमवार रात काल बनकर दौड़ी। पुष्कर घाटी के पास कार ने एक के बाद एक तीन बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पांच युवक कार की चपेट में आ गए और कई मीटर तक घिसटते चले गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

हादसा सोमवार रात पुष्कर थाना क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में धौलाभाटा निवासी 35 वर्षीय रवि की मौत हो गई। वह अपने बहनोई नगरा निवासी जितेंद्र उर्फ सोनू के साथ बाइक पर सवार था। दोनों पेंटिंग का काम करते थे। हादसे में जितेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दूसरी बाइक पर सवार शास्त्री नगर निवासी 22 वर्षीय रोहित और उसके चाचा मधुसूदन वैष्णव भी घायल हुए हैं। तीसरा बाइक सवार भी हादसे में चोटिल हुआ, लेकिन वह अस्पताल में बिना एंट्री कराए वहां से चला गया। सभी घायलों को देर रात जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद पुलिस ने जब फॉर्च्यूनर कार की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलों से भरा कार्टन मिला। एक शराब की बोतल कार की सीट पर खुली हुई भी मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। सूत्रों के अनुसार संबंधित कार पर ओवरस्पीडिंग के 9 चालान पहले से लंबित बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में शामिल फॉर्च्यूनर कार खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के बाद कार के पास समिति से जुड़े दिग्विजय सिंह घायल अवस्था में मिले। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घायल दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें अभी पूरे मामले की जानकारी नहीं है और वे इसकी जानकारी जुटा रहे हैं।

घटना के 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस स्पष्ट रूप से यह बताने से बचती रही कि कार किसके नाम रजिस्टर्ड है। इसे लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद ने कहा कि वाहन के स्वामित्व की जानकारी जुटाई जा रही है।

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि मामले में यदि किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मृतक रवि के पिता किशोर कुमार रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उन्होंने पुष्कर थाने में मामला दर्ज कराया है। रवि चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े वीडियो, सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story