तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ बस से भिड़ी: एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ बस से भिड़ी: एक की मौत


तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ बस से भिड़ी: एक की मौत


जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बस्सी थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार घटना जयपुर-दौसा हाईवे पर बांसखोह फाटक के पास शनिवार दोपहर करीब चार बजे के बीच हुई। दौसा से जयपुर की ओर तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही बस से जा टकराई।

बस्सी थाना प्रभारी मुनिंदर सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। टोल प्रशासन की क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारू किया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा कर परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पूरे मामले में पुलिस जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story