नीट री-एग्जाम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने ली उच्चस्तरीय बैठक

WhatsApp Channel Join Now
नीट री-एग्जाम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने ली उच्चस्तरीय बैठक


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट री-एग्जाम की तैयारियों को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर गृह मंत्रालय के निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि राजस्थान के 27 जिलों में 611 परीक्षा केन्द्रों पर करीब 2 लाख 9 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

जयपुर में सर्वाधिक 106, सीकर में 102 तथा कोटा में 92 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, पुलिस कानून एवं व्यवस्था महानिदेशक संजय अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ सहित संबंधित जिलों के कलक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story