हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

WhatsApp Channel Join Now
हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान उच्‍च न्‍यायालय की जयपुर पीठ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को एक बार फिर हाईकोर्ट प्रशासन, जजेज और स्टाफ को धमकी भरा ई-मेल मिला, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मेल में चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1:30 बजे कोर्ट परिसर में 18 बम धमाके होंगे। इसलिए 11 बजे तक परिसर खाली कर दिया जाए।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिष राजर्षि राज ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में बम से उडाने की धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। कोर्ट शुरू होने से पहले ही बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। टीम ने कोर्ट रूम, जजेज चैम्बर, गलियारों और पार्किंग सहित पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि पूरी जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

आमतौर पर ऐसी धमकियों के बाद अदालती कार्यवाही घंटों बाधित रहती है, लेकिन बुधवार को ई-मेल सुबह जल्दी मिल जाने के कारण पुलिस ने कोर्ट शुरू होने के समय (10:30 बजे) से पहले ही सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया था। इसके चलते सभी अदालतों में सुनवाई तय समय पर सुचारू रूप से शुरू हुई।

इधर बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए हाईकोर्ट प्रशासन ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया है। प्रवेश द्वारों पर जांच बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इन फर्जी ई-मेल भेजने वाले आईपी एड्रेस को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि इस महीने में यह 5वीं बार है जब कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 6, 17, 19 और 20 फरवरी को भी ऐसे ही ई-मेल आए थे। वहीं पिछले साल 31 अक्टूबर से लेकर अब तक कुल 11 बार हाईकोर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story