राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी, माउंट आबू में आठ इंच

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी, माउंट आबू में आठ इंच


जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में बारिश का दौर अनवरत बना हुआ है। शुक्रवार को जयपुर सहित करीब 20 शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में शुक्रवार को माउंट आबू में सबसे ज्यादा 195 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पाली में भी 4 इंच बारिश हुई। प्रदेश में आगामी चार दिन बारिश का दौर चलता रहेगा। बारिश से प्रदेश के शहरों के पारे में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, पिलानी, सीकर, चित्तौडग़ढ़, डबोक, बाड़मेर, पाली, जोधपुर, माउंट आबू, डूंगरपुर , संगरिया और जालौर सहित कई अन्य शहरों में बारिश हुई। चित्तौडग़ढ़ में एक मकान भी बिजली गिरने से ढह गया।

बीकानेर के लूणकरणसर में कंवरसेन नहर का चैनल टूटने से करीब 300 बीघा में खड़ी मूंगफली और कपास की फसल बर्बाद हो गई है। जोधपुर के भीतरी इलाके में सड़क पर नदी की तरह बारिश का पानी बहने लगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र तीव्र होकर कम दबाव के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित हो चुका है। शुक्रवार मानसून ट्रफ लाइन अपने सामान्य से दक्षिण में अवस्थित है तथा जैसलमेर व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा मध्यम से कहीं-कहीं भारी व एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश की गतिविधियां दर्ज होगी। गुरुवार को राज्य के पूर्वी भाग में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा तथा पश्चिमी भाग में कही-कही मेघगर्जन के साथ अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार को सबसे ज्यादा बारिश पचपदरा बाड़मेर में 90 मिमी दर्ज की गई।

शुक्रवार को जयपुर में अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। बारिश से कुछ इलाके अछूते भी रहे। बारिश से जयपुर के पारे में एक डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी तीन दिन जयपुर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story