शादी का टेंट हटाते समय 7 साल के बच्चे पर गिरा लोहे का भारी पोल, मौत
नागौर, 22 नवंबर (हि.स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के बाद टेंट का सामान हटाते समय हुए हादसे में 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। सेलऊ रोड स्थित महालक्ष्मी मैरिज गार्डन में शनिवार देर शाम लोहे का भारी पोल अचानक गिर गया। पोल सीधे बच्चे के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक भगवत भाकल ने बताया कि मृतक की पहचान यशवंत (7) पुत्र अनिल गहलोत निवासी भीकाला बास, चेनार के रूप में हुई है। यशवंत अपनी मां के साथ ननिहाल में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार दोपहर शादी की रस्में पूरी होने के बाद शाम को मैरिज गार्डन में टेंट और सजावट का सामान हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान यशवंत गार्डन परिसर में खेल रहा था। अचानक टेंट का लोहे का भारी पोल गिर गया और बच्चे के सिर पर जा लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टेंट हटाने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
यशवंत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता अनिल गहलोत नागौर शहर के बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। जिस मैरिज गार्डन में कुछ घंटे पहले शादी की खुशियां और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहीं शाम होते-होते बच्चे की मौत से मातम पसर गया।
जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदार भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध रह गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

