हीट वेव : जयपुर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा विभाग सतर्क

WhatsApp Channel Join Now
हीट वेव : जयपुर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा विभाग सतर्क


जयपुर, 05 मई (हि.स.)। जिले में हीट वेव के बचाव एवं रोकथाम के लिए प्रभावी प्रबंधन किये जाने के लिए निदेशालय से प्राप्त निर्देशानुसार समस्त खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि समस्त खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा संस्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। इसमे इमरजेंसी कक्ष का प्रबंधन सुनिश्चित करने, तापमान नियंत्रण के लिए एसी/कूलर/पंखे/पर्दे इत्यादि की समुचित व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सा संस्थानों पर लू-तापघात से पीड़ित रोगियों के लिए बेड आरक्षित कर उपचार के लिए व ओआरएस कॉर्नर स्थापित किये जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। लू-तापघात के उपचार में आने वाली आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने,हीट स्ट्रोक से संबंधित आने वाले केसों का उपचार करने के साथ ही तापमान की अधिकता की स्थिति में मनरेगा कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव से बचाव सम्बन्धी आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे ओपीडी रजिस्ट्रेशन एवं दवा वितरण काउंटर पर छाया,पीने का स्वच्छ शीतल जल की व्यवस्था,ओआरएस कॉर्नर,वेटिंग एरिया में शेड व्यवस्था तथा संस्थानों में साफ-सफाई आदि की सुनिश्चितता करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story