राजस्थान में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 41 डिग्री पार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 41 डिग्री पार


राजस्थान में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 41 डिग्री पार


जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी ने अब तेज रूप धारण कर लिया है। सोमवार को प्रदेश में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान मापा गया। बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे ऊंचा स्तर है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहने और गर्मी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे पहले मार्च में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया था, जिसे अब पार कर लिया गया है।

दिनभर तेज धूप के बाद बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में देर शाम मौसम ने करवट ली।

बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ में हल्के बादल छाए और कुछ स्थानों पर धूलभरी हवाएं चलीं, जिससे अस्थायी राहत महसूस हुई।

सोमवार को चित्तौड़गढ़ में भी सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और चूरू से भी अधिक गर्मी रही।

जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में सुबह से ही तेज धूप रही, जिससे दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती गई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में भी तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story