राजस्थान में फिर बढ़ी गर्मी की तपिश, जैसलमेर 45 डिग्री पार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में फिर बढ़ी गर्मी की तपिश, जैसलमेर 45 डिग्री पार


जयपुर, 07 मई (हि.स.)। प्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ ही गर्मी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को राजस्थान के कई शहरों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। जैसलमेर का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बाड़मेर, फलौदी और बीकानेर का पारा भी 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया। प्रदेश के 15 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, वहीं 13 शहरों में रात का तापमान 25 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। कई शहरों में दिन के तापमान में 8 डिग्री और रात के तापमान में 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने दोपहर बाद अचानक करवट भी ली। सवाईमाधोपुर, वनस्थली, जालोर और दौसा सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि टोंक में ओलावृष्टि हुई। दौसा में सर्वाधिक 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे कुछ समय के लिए लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन अधिकांश शहरों में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में आगामी दिनों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है। इसके चलते अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 9 मई से पश्चिमी राजस्थान, विशेषकर जोधपुर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर संभाग और आसपास के इलाकों में आगामी तीन दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर-पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर हल्के और छितराए बादल छाए रहे तथा मध्यम गति की हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम के बीच आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story