राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी बरकरार, बाड़मेर 44.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी बरकरार, बाड़मेर 44.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म


राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी बरकरार, बाड़मेर 44.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म


जयपुर, 02 मई (हि.स.)। राजस्थान में मौसम का मिजाज इन दिनों दोहरा बना हुआ है। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी और लू का असर जारी है, वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश लोगों को राहत भी दे रही है। शुक्रवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बीकानेर में भी पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया। अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में दोपहर बाद मौसम बदलने, तेज आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह तेज धूप खिलने के बाद करीब नौ बजे अचानक मौसम पलट गया और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया।

मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मई के शुरुआती 15 दिनों में सामान्य से कम गर्मी रहने की संभावना है और इस दौरान लगातार आंधी-बारिश का दौर बना रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्यत: मई महीने में 5 से 6 दिन ही आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रह सकता है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और बीकानेर जैसे जिलों में फिलहाल गर्मी का प्रकोप जारी है।

जोधपुर में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल किया। अजमेर में दिनभर भीषण गर्मी के बाद देर शाम तेज अंधड़ और बारिश हुई। करीब 10 मिनट की बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। पिछले 24 घंटे में 5.7 मिमी वर्षा हुई। तेज हवाओं से पेड़ गिरने और शादी समारोह स्थलों पर नुकसान की भी खबरें सामने आईं। नागौर में शुक्रवार शाम तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और गर्मी से राहत मिली।

कोटा में दिनभर तेज गर्मी रही, हालांकि पिछले दिन हुई बारिश के असर से सुबह-शाम हल्की राहत महसूस की गई। उदयपुर में दो दिन की राहत के बाद फिर गर्मी बढ़ी, हालांकि शाम के समय मौसम सुहावना रहा। अलवर में हल्के बादलों और हवाओं के कारण अन्य शहरों की तुलना में कुछ राहत रही।

सीकर में दिनभर तेज धूप से आमजन परेशान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राजस्थान में गर्मी और आंधी-बारिश का मिश्रित दौर जारी रहेगा। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अधिक रहेगा, जबकि पूर्वी और मध्य राजस्थान में दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना बनी रहेगी। किसानों और आमजन को तेज हवाओं, बिजली गिरने और अचानक बदलते मौसम से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी चार से पांच दिन में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा और हीटवेव से राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story