राजस्थान में बढ़ी गर्मी, पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट; तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बढ़ी गर्मी, पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट; तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार


जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है और आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को प्रदेश के पांच शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक और रात का तापमान 25 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे अधिक दर्ज किया गया, जबकि फलोदी में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही।

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और चूरू में दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। वहीं, फलोदी के साथ बीकानेर, बारां, जालोर और बाड़मेर में रात का तापमान 25 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके अलावा अलवर, पिलानी, पाली, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, दौसा और लूणकरणसर में तापमान 39 डिग्री के पार रहने से आमजन को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आगामी 4-5 दिनों तक अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 17 और 18 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है और कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। तेज धूप के कारण लोग छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं, वहीं ट्रैफिक सिग्नल पर दुपहिया वाहन चालकों को खड़ा होना मुश्किल हो रहा है। जयपुर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें क्रमशः 1.8 और 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर लंबे समय तक बना रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story