एंटी साइक्लोन के असर से राजस्थान में तेज हुई गर्मी

WhatsApp Channel Join Now
एंटी साइक्लोन के असर से राजस्थान में तेज हुई गर्मी


एंटी साइक्लोन के असर से राजस्थान में तेज हुई गर्मी


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। अरब सागर में एंटी साइक्लोन बनने के कारण राजस्थान में गर्मी अचानक तेज हो गई है। पश्चिमी दिशा से चल रही गर्म हवा के चलते सीमावर्ती जिलों में झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। बुधवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, चूरू और उदयपुर में भी अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज मापा गया। हालांकि दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रात के समय लोगों को ठंडक का अहसास हो रहा है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा जा रहा है।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो से तीन दिनों में राज्य में तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। इसके साथ ही पश्चिमी जिलों में गर्म हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। उदयपुर, श्रीगंगानगर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर, चूरू, बीकानेर और अजमेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन में बढ़ती गर्मी के बावजूद शाम ढलते ही तापमान में गिरावट आ रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। कई शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच रहा है।

बीते दिन सबसे ठंडी रात पाली में रही, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं फतेहपुर (सीकर) में 11 डिग्री और करौली में 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में अचानक बढ़ी गर्मी के पीछे मुख्य कारण गुजरात-पाकिस्तान से सटे अरब सागर में बना एंटी साइक्लोन है। इस प्रणाली में हवा घड़ी की दिशा में घूमते हुए ऊपर से नीचे की ओर तेजी से आती हैं, जिससे उच्च दबाव की स्थिति बनती है और आसमान साफ रहता है। एंटी साइक्लोन बनने से हवा पाकिस्तान की ओर से घूमकर सीधे राजस्थान में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण राजस्थान के साथ गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story