यलो अलर्ट के बावजूद राजस्थान में सूखा रहा आसमान, बढ़ी गर्मी-उमस

WhatsApp Channel Join Now
यलो अलर्ट के बावजूद राजस्थान में सूखा रहा आसमान, बढ़ी गर्मी-उमस


यलो अलर्ट के बावजूद राजस्थान में सूखा रहा आसमान, बढ़ी गर्मी-उमस


जयपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सुस्त पड़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद प्रदेश में बारिश का असर बेहद सीमित रहा। ज्यादातर जिलों में पूरे दिन मौसम साफ रहा, जबकि कुछ स्थानों पर ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई। बारिश नहीं होने से दिन का तापमान बढ़ गया और गर्मी के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में 21 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 10 मिलीमीटर, कठूमर में 5 मिलीमीटर, धौलपुर के बसेड़ी में 4 मिलीमीटर और भरतपुर के नगर में 3 मिलीमीटर बारिश हुई। डूंगरपुर के चिखली में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा।

बारिश का इंतजार कर रहे जिलों में तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। चित्तौड़गढ़, कोटा, पिलानी, सीकर, चूरू और श्रीगंगानगर में बारिश नहीं होने के कारण तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री तक अधिक रहा। प्रदेश के नौ शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर पहुंच गया। श्रीगंगानगर में दिन का तापमान सर्वाधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर दिशा में बनी हुई है और फिलहाल वहीं अटकी हुई है। वर्तमान में मानसून ट्रफ अमृतसर, नजीबाबाद और हरदोई से होते हुए पूर्वी मध्यप्रदेश में बने वेल मार्क लो-प्रेशर एरिया से गुजर रही है तथा जमशेदपुर और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है। इसके कारण पंजाब, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है, जबकि राजस्थान में मानसून गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने रविवार को 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है, लेकिन प्रदेश के बड़े हिस्से में फिलहाल गर्मी और उमस से राहत के लिए अच्छी बारिश का इंतजार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story