मानसून की विदाई से पहले राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बाड़मेर 42.4 डिग्री पर पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
मानसून की विदाई से पहले राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बाड़मेर 42.4 डिग्री पर पहुंचा


मानसून की विदाई से पहले राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बाड़मेर 42.4 डिग्री पर पहुंचा


जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान से मानसून की पूरी तरह विदाई अभी नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर तेवर तीखे कर लिए हैं। बुधवार को पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्म हवाओं के कारण कई शहरों में तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जोधपुर में भी पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर सबसे अधिक रहा। बाड़मेर के साथ जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में भी दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। उदयपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो वर्ष 2017 के बाद सितंबर में सर्वाधिक है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान के इस तरह बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई अभी नहीं हुई है। इस बीच पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने से तापमान में अचानक बढ़ोतरी हुई है। इन हवाओं के कारण बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत निम्न दबाव तंत्र राजस्थान तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रहा है। इसका असर मुख्य रूप से मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्सों तक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में इसी तरह मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। पश्चिमी राजस्थान के साथ पूर्वी हिस्सों में भी दिन के समय तेज गर्मी रहने की संभावना है। मानसून की विदाई और बढ़ते तापमान के बीच राजस्थान में सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम ने गर्मी का असामान्य रूप दिखाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story