हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन, डीजीपी ने 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया फिटनेस का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन, डीजीपी ने 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया फिटनेस का संदेश


हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन, डीजीपी ने 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया फिटनेस का संदेश


हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन, डीजीपी ने 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया फिटनेस का संदेश


जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रविवार को जयपुर में स्वस्थ हृदय और फिट जीवनशैली का संदेश देने के लिए हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। मानसरोवर स्थित प्रियंका हॉस्पिटल एंड कार्डियक सेंटर से शुरू हुई साइक्लोथॉन में करीब 200 साइकिलिस्ट ने हिस्सा लिया। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने करीब 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

साइक्लोथॉन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह और वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीएल शर्मा ने भी साइकिल चलाई। कार्यक्रम में भारतीय एथलीट एवं पूर्व ओलंपियन गोपाल सैनी गेस्ट ऑफ ऑनर रहे।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ और मजबूत हृदय के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी है। उन्होंने लोगों से सक्रिय रहने, तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने और साइकिलिंग जैसी गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना जरूरी है, ताकि वे पूरी तत्परता और दक्षता से आमजन की सेवा कर सकें।

वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीएल शर्मा ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि महत्वपूर्ण है। बीमारी होने के बाद उपचार कराने की बजाय जोखिम कम करने के लिए पहले से जीवनशैली में बदलाव पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालने की अपील की।

साइक्लोथॉन में युवाओं के साथ पुलिस अधिकारी, जवान और शहरवासी भी शामिल हुए। मार्ग में लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के जिम्मेदार लोग स्वयं फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव आम लोगों पर भी पड़ता है। कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से खेल, साइक्लिंग और योग जैसी गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story