1 से 7 जून तक मनाया जाएगा स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह

WhatsApp Channel Join Now
1 से 7 जून तक मनाया जाएगा स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह


जयपुर, 30 मई (हि.स.)। आगामी 01 जून से 7 जून तक जिले में स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह आयोजित किया जाएगा। जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आमजन को पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि प्रतिवर्ष दिनांक 02 जून को “हीट एक्शन डे” एवं 05 जून को “विश्व पर्यावरण दिवस” वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है ताकि मानव स्वास्थ्य पर प्रभाव डालने वाले गंभीर पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इसी कड़ी में इस वर्ष आगामी 01 जून से 07 जून तक जिले में स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह आयोजित किया जाएगा। जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आमजन को पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय कर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे शीतलन व्यवस्था, ओआरएस, आवश्यक दवाएं और आपातकालीन प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही ताप-संबंधी बीमारियों और मृत्यु निगरानी आंकड़ों की नियमित रिपोर्टिंग और समीक्षा की जाएगी। सीएचओ, एएनएम,आशा सहित समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को गर्मी से संबंधित बीमारियों की रोकथाम और प्रबंधन के प्रति संवेदनशील किया जाएगा। जिला स्तर पर हीट एक्शन प्लान बनाया जाएगा।साथ ही वेबिनार, जागरूकता सत्र, स्कूल/सामुदायिक गतिविधियां और सोशल मीडिया अभियान आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story