राजस्थान हाईकोर्ट चुनाव : हाईकोर्ट के दोनों अधिवक्ता संगठनों के चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, मतदान गुरूवार को

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान हाईकोर्ट चुनाव : हाईकोर्ट के दोनों अधिवक्ता संगठनों के चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, मतदान गुरूवार को


जोधपुर, 10 दिसम्बर (हि.स.)। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर पीठ से जुड़े दोनों प्रमुख वकील संगठनों राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के चुनाव में 11 दिसंबर को रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों संगठनों का मतदान गुरुवार को होगा, जिसमें कुल 64 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनावी मैदान में हैं।

चीफ रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमाली व चुनाव अधिकारी अर्जुनराम चौधरी एवं दिनेश कुमार शर्मा और सहायक चुनाव अधिकारी भंवर सिंह पातावत के अनुसार 11 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हेरिटेज बिल्डिंग परिसर में तीन और न्यू हाईकोर्ट बिल्डिंग परिसर में एक मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। न्यू हाईकोर्ट परिसर में एक केंद्र पर लगभग 75 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि शेष मतदाता हेरिटेज बिल्डिंग परिसर में वोट डालेंगे। संगठन में चार हजार से अधिक सदस्य मतदान करेंगे।

छह पदों के लिए 36 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय संघर्ष चर्चाओं में है, जबकि अन्य सभी पदों पर 4 से ज्यादा उम्मीदवार मुकाबले में हैं। पुस्तकालय सचिव पद पर इस बार चार महिला अधिवक्ता चुनावी समर में हैं, जो इसे और खास बना रहा है। एसोसिएशन के पिछले चुनाव 8 दिसंबर 2023 को हुए थे, हालांकि चुनाव एक वर्ष के लिए ही हुए थे, लेकिन कोर्ट की ओर से जारी गाइडलाइन के बाद एसोसिएशन ने इसे दो वर्ष तक बढ़ा दिया था। पिछले चुनाव में 14 बार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हो चुके रणजीत जोशी को रतनाराम ठोलिया ने पांच सौ से अधिक वोटों के अंतर से पराजित कर बड़ा उलटफेर किया था। इस बार भी रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। अध्यक्ष पद पर रणजीत जोशी, धनराज वैष्णव और सुरेंद्रसिंह गागुड़ा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

उपाध्यक्ष पद के लिए बुधाराम चौधरी, गजेन्द्रसिंह तंवर, कृपाराम सोलंकी, लक्ष्मीनारायण माथुर, मनोज सिंह, मांगीलाल, पुखराज गोदारा, शैतानराम चौधरी, महासचिव पद के लिए अनिल सुराणा, कल्याणसिंह विश्नोई, मंडल दत्त कल्ला, विजय चौधरी, विक्रमसिंह राठौड़, पुस्तकाय सचिव पद के लिए अरायाना खानम तंवर, कीर्ति सोनी, शारदा विश्नोई, शिवानी वैष्णव, सहसचिव पद के लिए भारतेंदू पंवार, दीपाराम चौधरी, लालसिंह, नीतू गुडिय़ा, पुखराज गहलोत, संदीप सिंह चौहान, शीतल शर्मा, तक्षेंद्र शर्मा और कोषाध्यक्ष पद के लिए गोपालसिंह चारण, हरीचरण प्रजापत, मोहन लाल गोदारा, मुरली सैन, प्रदीप जैन, राम निवास, सोनिका शर्मा, विजय शर्मा मैदान में है।

राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर के द्विवार्षिक चुनाव 2025-27 के मुख्य चुनाव अधिकारी मोती सिंह राजपुरोहित ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए दिग्विजय सिंह जसोल, दिलीप सिंह उदावत, मनीष कुमार व्यास एवं विनोद चौधरी के बीच चुनाव होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए रविन्द्र सिंह चंपावत एवं शीतल कुम्भट मैदान में हैं। महासचिव पद के लिए अरुण कुमार, कैलाश जांगिड़ एवं नवनीत सिंह बिर्ख प्रत्याशी हैं। सहसचिव पद के लिए अशोक कुमार गोदारा, केशव भाटी एवं मिलाप चोपड़ा के बीच मुकाबला होगा, जबकि पुस्तकालय सचिव पद हेतु कोमल आर. वर्मा, शैलेन्द्र कुमार एवं विकास के. बिश्नोई चुनाव मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए दुर्गेश खत्री, रघुवीर सिंह भाटी एवं रविन्द्र पुरोहित के बीच चुनाव होगा।

इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी समिति के छह पदों के लिए आकांक्षा चौधरी, अनुपम गोपाल व्यास, अक्षया शुक्ला, दिग्विजय टाक, कृष्णकांत व्यास, मनोज कुमार, मनीषा फोफलिया, नंदीपना गहलोत, प्रियंका बोराणा एवं वीरम सिंह के बीच चुनाव संपन्न होंगे। एसोसिएशन द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान 11 दिसंबर को सुबह 9.30 बजे से सायं 4.30 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story