तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने स्कूटी सवार युवक को कुचला

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने स्कूटी सवार युवक को कुचला


जयपुर, 20 जून (हि.स.)। गलता गेट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिल्ली से जयपुर आ रही तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने स्कूटी सवार एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे युवक सड़क पर गिर गया। इसके बाद बस चालक युवक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।

गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि हादसा शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे सूरजपोल स्थित ऑटोमोबाइल कट के पास हुआ। मृतक की पहचान विकास (24) हिंडौन सिटी जिला करौली के रूप में हुई है। जो वर्तमान में वह जयपुर के महेश नगर क्षेत्र में रहकर फूड डिलीवरी का कार्य करता था।

थानाधिकारी ने बताया कि हरियाणा नंबर की रोडवेज बस दिल्ली की ओर से सवारियों को लेकर जयपुर आ रही थी। ऑटोमोबाइल नगर कट के पास तेज गति से आ रही बस ने स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विकास स्कूटी सहित सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बस उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद बस चालक सवारियों से भरी बस को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीसीआर वाहन की सहायता से शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार रोडवेज बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि बस और चालक की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story