स्थापना दिवस पर लड्डुओं से घुली मिठास, न्यायिक परिवार में दिखी समरसता

WhatsApp Channel Join Now
स्थापना दिवस पर लड्डुओं से घुली मिठास, न्यायिक परिवार में दिखी समरसता


स्थापना दिवस पर लड्डुओं से घुली मिठास, न्यायिक परिवार में दिखी समरसता


जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का 35वां स्थापना दिवस सोमवार को राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ में हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। अधिवक्ता परिषद जयपुर प्रांत की ओर से आयोजित समारोह में औपचारिक मंचीय कार्यक्रम के बजाय अधिवक्ताओं और न्यायालय परिवार के विभिन्न वर्गों के बीच सीधे संवाद, आत्मीयता और भाईचारे को प्राथमिकता दी गई।

प्रांत महामंत्री डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर उच्च न्यायालय इकाई की ओर से न्यायालय परिसर में 100 किलो लड्डुओं का वितरण किया गया। इसमें केवल अधिवक्ताओं को ही नहीं, बल्कि न्यायालय कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और याचिकाकर्ताओं को भी शामिल किया गया। लड्डू वितरण के जरिए न्यायिक परिवार में आपसी समरसता, एकता और सेवा भावना का संदेश दिया गया।

इस दौरान परिषद की स्थापना के उद्देश्यों और विधि क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका पर भी चर्चा हुई। आयोजन का स्वरूप सरल रखते हुए सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया।

स्थापना दिवस से दो दिन पूर्व दिल्ली रोड स्थित रंगीला महादेव मंदिर परिसर में अधिवक्ता सह-भोज का आयोजन किया गया था। इसमें 350 से अधिक अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने राजस्थानी पारंपरिक व्यंजन दाल-बाटी-चूरमा का आनंद लिया। आयोजन का उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के साथ राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति और खान-पान को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय मंत्री कमल परसवाल, उच्च न्यायालय इकाई के महामंत्री धर्मेंद्र बराला तथा मंत्री राजाराम चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

राज्य सरकार की ओर से नियुक्त अधिवक्ताओं में श्रुति पारीक, अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता उत्कर्ष द्विवेदी, नीतिन भंडारी, मिथुन चतुर्वेदी और निकिता भार्गव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story