मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे हरियालो राजस्थान अभियान की शुरुआत
जयपुर, 04 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने और नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से एक पेड़ मां के नाम अभियान एवं हरियालो राजस्थान-2026’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ (शुक्रवार) 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में प्रातः 10 बजे पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
वन विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2024 में शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए राज्य में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में वन मंत्री संजय शर्मा, जिला प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अभियान के शुभारंभ से जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिलाओं और आमजन की सहभागिता बढ़ने की उम्मीद है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान वन विभाग का संरक्षित जैव विविधता उद्यान है, जहां राज्य की विभिन्न वानिकी प्रजातियों के वृक्ष संरक्षित हैं। फेंसिंग युक्त सुरक्षित परिसर और पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध होने के कारण यहां लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
वन विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

