राजस्थान के हरिप्रकाश ने राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में जीते दो स्वर्ण और एक कांस्य

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के हरिप्रकाश ने राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में जीते दो स्वर्ण और एक कांस्य


बीकानेर, 03 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के जूनियर साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीते हैं। झारखंड की राजधानी रांची में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में हरिप्रकाश ने यह उपलब्धि हासिल की।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा में हरिप्रकाश ने 3 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भी वह एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम कर चुके हैं।

कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने बताया कि हरिप्रकाश की सफलता के पीछे वर्षों का अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण है। उन्होंने कहा कि हरिप्रकाश ने प्रतियोगिता में आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया है। उसकी उपलब्धि दूसरे युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर देने की है।

हरिप्रकाश की उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयाल राम सारण, राजेंद्र बिश्नोई, प्रशिक्षक जेठाराम गाट, सुरेंद्र कुकणा, मुनीराम गोदारा, पेमाराम जाट, महावीर कुकणा, सुंदर बिश्नोई, रामप्रसाद जाट और विजय कुमार सहित अनेक खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने हरिप्रकाश को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771893 Articles

Share this story