छोटी दीपावली पर 7 नवंबर को मनेगा हनुमान जन्मोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
छोटी दीपावली पर 7 नवंबर को मनेगा हनुमान जन्मोत्सव


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। छोटी दीपावली के अवसर पर 7 नवंबर शनिवार को जयपुर शहर में हनुमान जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों खोल के हनुमान जी, सांगानेरी गेट स्थित पूर्व पश्चिम मुखी हनुमान जी, अंबाबाड़ी हनुमान मंदिर, पेट्रोल पंपवाले बालाजी, चिंता हरण हनुमान जी गोविंद देव जी मंदिर परिसर जय निवास उद्यान, काले हनुमान जी मंदिर, पापड़ वाले हनुमान जी, चांदपोल हनुमान जी मंदिर सहित सभी मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों में आकर्षक सजावट, फूल बंगले, विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भक्तों में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जयपुर के प्रमुख बालाजी मंदिरों में बजरंगबली का विशेष शृंगार किया जाएगा। मंदिरों में सिंदूर और चमेली के तेल से पूजा-अर्चना के साथ आकर्षक फूलों से दरबार सजाया जाएगा। कई मंदिरों में छप्पन भोग, सवामणी, प्रसादी वितरण और विशेष आरती के आयोजन होंगे। वहीं, शाम को भजन संध्या और संकीर्तन के माध्यम से भक्त हनुमान जी की महिमा का गुणगान करेंगे। श्रद्धालु इस दिन मंदिरों में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा संकटों से मुक्ति की कामना करेंगे। मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

छोटी दीपावली के दिन हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। दीपोत्सव की रौनक के बीच मंदिरों में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम शहर के वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। सुबह से ही मंदिरों में दर्शनार्थियों की आवाजाही रहेगी। कई स्थानों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड के आयोजन भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिरों में 'जय श्रीराम' और 'जय बजरंगबली' के जयकारे गूंजेंगे। दीपों की रोशनी, मंदिरों की सजावट और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाएंगे। छोटी दीपावली पर हनुमान जी की आराधना के साथ शहर में धर्म, आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story